समाचार पत्र आज भी सर्वाधिक विश्वसनीय : शोध
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के दिनोंदिन बढ़ते प्रभाव के बावजूद समाचार पत्र आज भी सर्वाधिक विश्वसनीय सूचना माध्यम हैं। उपरोक्त तथ्य कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के शोधार्थी एवं राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय साहा के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. रवि शंकर द्वारा किये गए शोध कार्य 'मेजरिंग दा मीडिया बायस इन इंग्लिश डेलीज़' द्वारा सिद्ध किया गया है। इस विषय में बताते हुए डॉ. शंकर ने कहा कि प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्रों के विश्लेषण एवं हरियाणा के चार जिलो पंचकूला, अम्बाला, कुरुक्षेत्र एवं करनाल में वर्ष 2016 से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अशोक कुमार के निर्देशन में लगातार किये गए अध्ययन में ये बात निकल कर सामने आई है कि यद्यपि समाचार पत्रों के पाठकों में कमी आई है, परन्तु आज भी ये सूचना प्रसारण के सर्वाधिक विश्वसनीय माध्यम हैं। उपरोक्त शोध में एक महत्वपूर्ण तथ्य जो निकलकर सामने आया है कि पाठक एवं मीडिया कर्मी दोनों ही इस बात से अनभिज्ञ नहीं हैं कि मीडिया अनेक मसलों पर पक्षपातपूर्ण रवैया रखता है और राजनैतिक एवं अपराध से जुड़े मुद्दों को समाचार पत्रों द्वारा विशेष तवज्जो दी जाती है। शोध के दौरान लगभग 76 प्रतिशत पाठकों ने माना कि मीडिया की विश्वसनीयता आज संदेह के घेरे में है।