बदल रहा है कश्मीर

धारा 370 हटने के बाद बदल गया है कश्मीर 


खास बातें :



  • जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए और राज्य का दर्जा वापस लिए जाने के 107 दिन के बाद खास हलचल देखने को मिली

  • दुकानें पूरा दिन खुली रहीं और जम्मू-कश्मीर राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें घाटी में दूसरी जगहों के लिए चलीं

  • हालात सामान्य होने से चर्चा है कि इस हफ्ते के आखिर तक जम्मू-कश्मीर में ब्रॉडबैंड सेवाएं भी वापस शुरू हो जाएंगे






श्रीनगर




जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए और राज्य का दर्जा वापस लिए जाने के 107 दिन के बाद सोमवार को एक सामान्य दिन बड़े अर्से के बाद देखने को मिला। दुकानें पूरा दिन खुली रहीं और जम्मू-कश्मीर राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें घाटी में दूसरी जगहों के लिए चलीं। इससे घाटी में सामान्यता वापस लौटने के संकेत मिले हैं, साथ ही यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि इस हफ्ते के आखिर तक ब्रॉडबैंड सेवाएं भी वापस शुरू हो जाएंगी। एक नजर डालते हैं कि घाटी में किन सेवाओं पर प्रतिबंध अभी जारी हैं, किन से प्रतिबंध पूरी तरह हटा लिए गए हैं और कहां ढील दी गई है।


 

ट्रांसपोर्ट
कश्मीर घाटी में ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से 17 नवंबर को चालू कर दी गईं। इससे पहले 12 नवंबर के बाद से ही ट्रायल रन किए जा रहे थे, जिनके सफल होने के बाद ट्रेनें चलाई गईं। बता दें कि 3 अगस्त से ही सेवाएं बाधित थीं। श्रीनगर के अंदर कैब सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। सभी प्रतिबंध लगने से पहले घाटी में घूमने आए पर्यटकों को दिए गए बाहर जाने के निर्देश भी हटा लिए गए हैं। 10 अक्टूबर से ही यातायात के प्रतिबंध हटा लिए गए।

कम्यूनिकेशन
18 अक्टूबर को सभी लैंडलाइन सेवाएं शुरू हो गई थीं। पोस्टपेड मोबाइल सेवाएं भी 14 अक्टूबर से शुरू हो गई थीं लेकिन एसएमएस सेवाओं पर प्रतिबंध लगा था। अभी घाटी में प्री-पेड मोबाइल सेवा बंद है। इंटरनेट भी नहीं चल रहा है जिस कारण सोशल मीडिया का प्रयोग नहीं किया जा सकता। मीडिया से जुड़े प्रतिबंध भी बरकरार हैं।