दिल्ली में भीषण आग , हाहाकार, 43 मरे
पीएम मोदी ने जताया दुख
नईदिल्ली ।
दिल्ली में रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी स्थित एक फैक्ट्री में रविवार सुबह आग लगने से 43 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 50 लोगों को बचाया जा चुका है।दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी सुबह पांच बजकर 22 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 30 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि आवासीय इलाके में चलाई जा रही फैक्ट्री में आग लगने के समय 50 से अधिक लोग थे। पुलिस ने बताया कि हादसे में 35 लोग मारे गए हैं।
दमकल के अधिकारियों ने बताया कि आग के कारण फंसे कई लोगों को बाहर निकालकर आरएमएल अस्पताल एवं हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया है।
पीएम और गृह मंत्री शाह ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अपने प्रियजनों को खोने वालों के साथ मेरी संवेदनाए हैं। घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना। गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताते हुए ट्वीट किया है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल आधार पर सभी संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
राहुल गांधी ने ने ट्वीट किया कि दिल्ली के अनाज मंडी में भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
दुखद है आग लगने की घटना, बचाव अभियान जारी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अनाज मंडी क्षेत्र में आग लगने की घटना दुखद है और दमकल कर्मी लोगों को बचाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'बेहद दुखद। बचाव अभियान जारी है और दमकलकर्मी हर संभव प्रयास कर रहे हैं। आग में झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया जा रहा है।'